मादुरो की गिरफ्तारी पर ओवैसी का बड़ा बयान, बोले– जब अमेरिका ला सकता है तो भारत 26/11 के…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के आदेश पर वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में लिए जाने की खबर के बाद अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इस घटनाक्रम पर भारत में भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने इसे लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए हैं।

ओवैसी ने कहा कि मीडिया में आई खबरों के मुताबिक अमेरिकी सेना ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को उनके ही देश से पकड़कर अमेरिका ले जाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, “अगर अमेरिका का राष्ट्रपति किसी दूसरे देश के राष्ट्रपति को उसके देश से उठा सकता है, तो भारत की सरकार पाकिस्तान जाकर 26/11 आतंकी हमलों के मास्टरमाइंड को वापस क्यों नहीं ला सकती?”

भारत ने जारी की यात्रा सलाह

इस बीच, वेनेजुएला में तेजी से बदलते हालात को देखते हुए भारत सरकार ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, विदेश मंत्रालय ने शनिवार (3 जनवरी 2026) की रात भारतीय नागरिकों को वेनेजुएला की गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सख्त सलाह दी है।

विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा, “वेनेजुएला में हालिया घटनाक्रम को देखते हुए भारतीय नागरिकों को वहां सभी गैर-जरूरी यात्राओं से बचने की सलाह दी जाती है।” साथ ही, जो भारतीय नागरिक किसी कारणवश वहां मौजूद हैं, उन्हें अत्यधिक सतर्क रहने, अपनी गतिविधियां सीमित रखने और काराकस स्थित भारतीय दूतावास के संपर्क में रहने को कहा गया है।

वेनेजुएला में कितने भारतीय

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, वेनेजुएला में करीब 50 अनिवासी भारतीय (NRI) और लगभग 30 भारतीय मूल के लोग रह रहे हैं। अमेरिका की कार्रवाई के बाद वहां राजनीतिक अनिश्चितता का माहौल बन गया है, जिसे देखते हुए सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विरोध

मादुरो और उनकी पत्नी को हिरासत में लिए जाने के बाद रूस, चीन समेत कई प्रमुख देशों ने अमेरिका की इस कार्रवाई की आलोचना की है। इन देशों का कहना है कि यह कदम वेनेजुएला की संप्रभुता का उल्लंघन है और इससे क्षेत्रीय अस्थिरता बढ़ सकती है।

फिलहाल, वेनेजुएला की स्थिति पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी हुई हैं और भारत सरकार भी अपने नागरिकों की सुरक्षा को लेकर हालात पर करीबी नजर बनाए हुए है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें