बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में शुक्रवार को जुमे की नमाज़ के बाद माहौल बिगड़ गया। मौलाना तौकीर रज़ा के बुलावे पर जुटी भीड़ में कुछ उपद्रवी तत्वों ने हंगामा कर दिया। देखते ही देखते हालात बेकाबू हो गए और तोड़फोड़ शुरू हो गई। इस घटना में तीन लोग घायल भी हो गए। इसी बीच सहारनपुर से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने घटना पर प्रतिक्रिया दी और कहा कि इस तरह का माहौल बनाना गलत है।
उन्होंने कहा, “ऐसा कोई मुसलमान नहीं जिसके दिल में पैग़ंबर मुहम्मद के लिए मोहब्बत न हो। उनके लिए प्यार होना ही ईमान का हिस्सा है। इसके लिए अलग से दिखावा करने की ज़रूरत नहीं है। मुसलमान वही है जिसके दिल में मोहब्बत हो, बिना इसके इस्लाम अधूरा है।”
“कुछ लोग भड़का रहे हैं, नफ़रत फैलाने की कोशिश”
इमरान मसूद ने आगे कहा कि आजकल कुछ लोग माहौल खराब करने के लिए लोगों को भड़का रहे हैं और नफ़रत फैला रहे हैं। उन्होंने कहा – “बरेली में लोग क्यों सड़कों पर निकले? मस्जिदें नमाज़ पढ़ने की जगह हैं, इन्हें गलत मकसद से इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। पुलिस जब लाठीचार्ज करती है या गोली चलाती है, तो उसे किसी पर दया नहीं आती। इसलिए गुमराह होने से बचें।”
उलेमा से की शांति बनाए रखने की अपील
सांसद ने सभी उलेमाओं से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा – “मैं सम्मानित उलेमाओं से गुज़ारिश करता हूँ कि इस तरह की गतिविधियों को रोकें। यह सब किसी साज़िश के तहत कराया जा रहा है और यह किसी भी हाल में सही नहीं है। मस्जिद सिर्फ इबादतगाह हैं और उन्हें उसी मकसद के लिए इस्तेमाल होना चाहिए।”
गौरतलब है कि बरेली हिंसा मामले में पुलिस ने मौलाना तौकीर रज़ा को हिरासत में ले लिया है।










