वाराणसी। जनपद में लगातार बढ़ रही अत्यधिक ठंड, घने कोहरे और शीतलहर को देखते हुए जिलाधिकारी वाराणसी के निर्देश पर एक बार फिर स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव द्वारा जारी कार्यालय ज्ञाप के अनुसार, वाराणसी में संचालित प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 8 तक के सभी विद्यालयों का संचालन 29 दिसंबर 2025 और 30 दिसंबर 2025 को पूर्णतः बंद रहेगा।
यह आदेश जनपद के सभी राजकीय, परिषदीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, निजी मान्यता प्राप्त विद्यालयों के साथ-साथ सीबीएसई, आईसीएसई और अन्य बोर्डों से संबद्ध स्कूलों पर लागू होगा। हालांकि, विभागीय एवं अन्य शासकीय कार्यों के लिए विद्यालयों में तैनात शिक्षक और अन्य कर्मचारी पूर्व की भांति उपस्थित रहेंगे।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन का कहना है कि बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है, क्योंकि मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे की स्थिति और गंभीर हो सकती है।
प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए आवश्यक सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।










