केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने रविवार को लगातार नौवीं बार केंद्रीय बजट पेश करते हुए उत्तर प्रदेश के वाराणसी और बिहार की राजधानी पटना को बड़ी सौगात दी है। वित्त मंत्री ने इन दोनों शहरों में अंतर्देशीय जलमार्गों के लिए शिप रिपेयर इकोसिस्टम स्थापित करने की घोषणा की है, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
वित्त मंत्री ने कहा कि पर्यावरण के अनुकूल और टिकाऊ कार्गो मूवमेंट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सरकार अगले पांच वर्षों में 20 नए अंतर्देशीय जलमार्ग विकसित करेगी। इसकी शुरुआत ओडिशा के नेशनल वॉटरवे-5 से होगी, जो तालचेर और अंगुल जैसे खनिज समृद्ध क्षेत्रों को पारादीप और धमरा बंदरगाहों से जोड़ेगा।
उन्होंने बताया कि वाराणसी और पटना में प्रस्तावित शिप रिपेयर इकोसिस्टम से न केवल लॉजिस्टिक्स सेक्टर को मजबूती मिलेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
बजट 2026-27 में सरकार ने पब्लिक कैपिटल एक्सपेंडिचर बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये करने का प्रस्ताव रखा है। इसके साथ ही वित्त मंत्री ने 10,000 करोड़ रुपये का MSME ग्रोथ फंड, मेगा टेक्सटाइल पार्क, और खादी व हथकरघा को मजबूत करने के लिए महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल शुरू करने की घोषणा भी की।
वित्त मंत्री ने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश की अर्थव्यवस्था स्थिरता, वित्तीय अनुशासन और कम महंगाई के साथ निरंतर विकास की राह पर आगे बढ़ी है।










