वाराणसी में पशु तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजातालाब थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार करते हुए नौ जीवित गोवंश को सुरक्षित बरामद किया है। इस कार्रवाई में तस्करी में इस्तेमाल किया जा रहा एक पिकअप वाहन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन चक्रव्यूह* के अंतर्गत संदिग्ध वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि टोडरपुर बागीचे के पास गोवंश को पिकअप वाहन में लादकर चंदौली के रास्ते बिहार ले जाने की तैयारी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर चार आरोपियों को धर दबोचा, जबकि उनके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बच्चन कुमार गोड़ उर्फ लफड़ू गोड़, अकबर उर्फ टिल्लू, एहसान नट और दिनेश राजभर के रूप में हुई है। पिकअप वाहन से नौ जीवित गोवंश बरामद किए गए, जिन्हें सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने संगठित गिरोह बनाकर गोवंश तस्करी में शामिल होने की बात स्वीकार की है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस ने अलग से टीम गठित कर दी है। मामले में थाना राजातालाब पर गोवंश वध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।










