बहुजन समाज पार्टी (BSP) प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने अपने भतीजे आकाश आनंद के ससुर और पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ को पार्टी में दोबारा शामिल करने का ऐलान किया है। पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते फरवरी 2025 में निष्कासित किए गए सिद्धार्थ ने हाल ही में सोशल मीडिया पर अपनी गलती स्वीकार करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी थी।
मायावती का पोस्ट
मायावती ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, अशोक सिद्धार्थ लंबे समय तक पार्टी के विभिन्न पदों पर रहे। कुछ माह पहले उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते बाहर किया गया था। आज उन्होंने सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से अपनी गलती स्वीकार की है और आगे से पूरी निष्ठा के साथ बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के आंदोलन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया है।”
उन्होंने आगे लिखा कि अशोक सिद्धार्थ पहले से ही अपनी गलती को लेकर पछता रहे थे, लेकिन अब जब उन्होंने सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है, तो पार्टी और मूवमेंट के हित में उन्हें एक और मौका देने का निर्णय लिया गया है।
निष्कासन का आदेश रद्द
मायावती ने स्पष्ट किया कि अब उनका निष्कासन तत्काल प्रभाव से रद्द किया जाता है और उन्हें पार्टी में वापस ले लिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सिद्धार्थ अन्य कार्यकर्ताओं की तरह तन-मन-धन से पार्टी को मजबूत करेंगे और बहुजन आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे।
अशोक सिद्धार्थ को 12 फरवरी 2025 को गुटबाजी और पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में BSP से निष्कासित किया गया था। 6 सितंबर को उन्होंने सोशल मीडिया पर मायावती से हाथ जोड़कर माफी मांगी और आगे अनुशासन में रहकर काम करने का वादा किया।










