नगर आयुक्त ने कैण्ट स्टेशन रोड का किया स्थलीय निरीक्षण, सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी: नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने आज कैण्ट स्टेशन रोड का लहरतारा पुल से अन्धरापुल तक स्थलीय निरीक्षण किया। यह क्षेत्र पूर्व में नाइट मार्केट के संचालन के लिए जाना जाता था।

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने दोनों तरफ की पटरियों और सड़कों पर हुए अतिक्रमण को चिन्हित किया और हटाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने सहायक नगर आयुक्त को फ्लाईओवर के बीच दो स्थानों पर आटो स्टैंड के लिए जगह चिन्हित करने का निर्देश भी दिया।

नगर आयुक्त ने हटाए गए नाइट मार्केट के स्थान पर बेतरतीब तारों को हटाने, जर्जर सड़कों की मरम्मत, और सड़क पर पड़े मलबे को हटाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि इन क्षेत्रों की सफाई नियमित रूप से दो पालियों में की जाए और कूड़ा-करकट समय पर उठाया जाए ताकि वाराणसी का पर्यटकों और नागरिकों पर सकारात्मक प्रभाव पड़े।

इसके अलावा, फ्लाईओवर के नीचे अवैध रूप से लगाए गए बैनर और पोस्टर हटाने और वेंडिंग जोन बनाने हेतु उपयुक्त प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त सविता यादव, सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, और अधिशासी अभियंता एम0के0 सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें