खामेनेई की मौत पर उमर अब्दुल्ला की निंदा, बोले- भावनाओं में बहकर कानून-व्यवस्था न बिगाड़ें

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

श्रीनगर। जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई पर हुए हमले और उनकी मौत की घटना की एक बार फिर निंदा की है। उन्होंने कहा कि वह ईरान के लोगों के साथ हैं, लेकिन कश्मीर के लोगों से अपील की कि वे भावनाओं में बहकर किसी तरह की कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा न करें।

गौरतलब है कि 28 फरवरी को अमेरिका और इजराइल की ओर से ईरान पर किए गए संयुक्त हमले में खामेनेई की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।

“सरकार बदलने का हक सिर्फ ईरान की जनता को”

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा, “किसी भी देश की सरकार बदलने का अधिकार सिर्फ वहां के लोगों को है। बाहर से किसी को यह हक नहीं है कि वह सैन्य कार्रवाई कर नेतृत्व को खत्म कर दे। अगर इसे सही ठहराया जाए, तो फिर दुनिया में कोई भी देश किसी दूसरे देश में ऐसी कार्रवाई को उचित ठहरा सकता है।”

उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर यह तरीका स्वीकार्य है, तो भविष्य में अन्य देश भी इसी तर्क का इस्तेमाल कर सकते हैं, जो अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के लिए खतरनाक होगा।

शिया समुदाय में आक्रोश

खामेनेई की मौत के बाद कश्मीर समेत देश के कई हिस्सों में शिया समुदाय के लोगों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है। रविवार को श्रीनगर के लाल चौक, सैदा कदल, बडगाम, बांदीपोरा, अनंतनाग और पुलवामा समेत कई इलाकों में बड़े पैमाने पर विरोध-प्रदर्शन हुए। प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका और इजराइल के खिलाफ नारेबाजी की और सड़कों पर उतरकर अपना विरोध दर्ज कराया।

कश्मीर में करीब 15 लाख शिया समुदाय के लोग रहते हैं, जिनमें इस घटना को लेकर गहरी नाराजगी है।

शांति बनाए रखने की अपील

मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि उनकी सरकार हालात पर नजर बनाए हुए है और लोगों से शांति और संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने यह भी बताया कि ईरान में मौजूद जम्मू-कश्मीर के छात्रों और अन्य निवासियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार विदेश मंत्रालय के संपर्क में है।

सीएम ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की हिंसा या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपेक्षा की जाती है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें