आरा। बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आरा में आयोजित विशाल जनसभा में एनडीए के घोषणापत्र और बिहार के विकास को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बैठे कुछ लोग बिहार की जनता की नब्ज नहीं समझ पा रहे हैं, जबकि जनता का मन साफ है, बिहार एनडीए के साथ खड़ा है।
अगले साल तक 1 करोड़ रोजगार देंगे– पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि एनडीए सरकार अगले साल तक 1 करोड़ नए रोजगार देने जा रही है, और इसके लिए पूरा खाका तैयार किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार ने अब तक 1.30 करोड़ महिलाओं के खातों में 10-10 हजार रुपये भेजे हैं, और एनडीए की सरकार बनते ही इस मदद को और बढ़ाया जाएगा।
एक तरफ सच्चा घोषणापत्र, दूसरी तरफ झूठ का पुलिंदा
विपक्ष पर हमला बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, “एक तरफ एनडीए का ईमानदार घोषणापत्र है, तो दूसरी तरफ महागठबंधन का झूठ का पुलिंदा। हमारी सरकार का हर वादा विकास के लिए है, जबकि उनका मकसद सत्ता के लिए है।”
जनता से की अपील
प्रधानमंत्री मोदी ने जनता से अपील करते हुए कहा, “बिहार को फिर से जंगलराज में नहीं जाने देना है। विकसित बिहार ही विकसित भारत की नींव है, और इसके लिए मैं आप सभी का साथ चाहता हूं।” उन्होंने कहा कि एनडीए की सरकार का संकल्प है – शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता के जरिए बिहार को नई ऊंचाई तक पहुंचाना।
“बिहार बनेगा मेड इन इंडिया का केंद्र”
पीएम मोदी ने कहा, “आज पूरी दुनिया मेक इन इंडिया को लेकर उत्साहित है। हमारा लक्ष्य है कि बिहार को मेड इन इंडिया का प्रमुख केंद्र बनाया जाए। इसके लिए हजारों लघु और कुटीर उद्योगों के नेटवर्क को मजबूत किया जाएगा, ताकि रोजगार और आत्मनिर्भरता दोनों को बढ़ावा मिले।”
आरजेडी पर करारा वार
भाषण के दौरान पीएम मोदी ने आरजेडी पर सीधा तंज कसते हुए कहा, “RJD के जंगलराज की पहचान कट्टा, क्रूरता, कटुता, कुसंस्कार, कुशासन और करप्शन रही है। बिहार की जनता उस दौर को कभी नहीं भूल सकती।”
प्रधानमंत्री की इस सभा में भारी जनसमूह उमड़ा, जहां मोदी ने विकसित बिहार के लिए अपनी सरकार की योजनाओं और दृष्टिकोण को जनता के सामने रखा।










