बॉर्डर 2 की जबरदस्त सफलता के बाद सनी देओल इन दिनों हिमाचल प्रदेश के मनाली में वक्त बिता रहे हैं। एक्टर की इंस्टाग्राम पोस्ट और स्टोरी से साफ है कि वह पहाड़ों के बीच इस सक्सेस को एंजॉय कर रहे हैं। इसी बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जिसने उनके फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है। बताया जा रहा है कि दिग्गज फिल्ममेकर राजकुमार संतोषी सनी देओल से खास मुलाकात करने मनाली पहुंचने वाले हैं।
दरअसल, रिपोर्ट्स के मुताबिक राजकुमार संतोषी सनी देओल की 1996 की सुपरहिट फिल्म ‘घातक’ का सीक्वल बनाने का आइडिया लेकर आए हैं। बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से बताया गया है कि संतोषी के दिमाग में एक कहानी आई है, जिसे वह ‘घातक 2’ के रूप में पर्दे पर उतारना चाहते हैं। उन्होंने यह आइडिया सनी देओल को सुनाया, जिसे एक्टर ने पसंद किया और उन्हें मनाली आकर स्क्रिप्ट पर विस्तार से बात करने का न्योता दिया।
मनाली में होगी स्क्रिप्ट मीटिंग
रिपोर्ट के अनुसार, राजकुमार संतोषी 31 जनवरी को सनी देओल से मिलने मनाली पहुंच सकते हैं, जहां वह उन्हें पूरी स्क्रिप्ट सुनाएंगे। हालांकि, फिल्म को हरी झंडी मिलती है या नहीं, यह इस बात पर निर्भर करेगा कि सनी को कहानी कितनी पसंद आती है और उनकी डेट्स समेत अन्य फैक्टर्स कैसे मैनेज होते हैं।
सूत्रों का कहना है कि सनी देओल इस मामले में बेहद साफ सोच रखते हैं। गदर 2 और बॉर्डर 2 की ब्लॉकबस्टर सफलता के बावजूद वह सिर्फ ट्रेंड के चलते अपनी किसी पुरानी क्लासिक फिल्म का सीक्वल साइन नहीं करना चाहते। उनका मानना है कि कमजोर कंटेंट के साथ सीक्वल बनाना दर्शकों के साथ धोखा होगा। दिलचस्प बात यह है कि राजकुमार संतोषी भी इसी सोच के साथ आगे बढ़ते हैं।
सनी-संतोषी की सुपरहिट जोड़ी
सनी देओल और राजकुमार संतोषी की जोड़ी पहले ही बॉलीवुड को तीन यादगार ब्लॉकबस्टर दे चुकी है—घायल (1990), दामिनी (1993) और घातक (1996)। ये फिल्में आज भी दर्शकों के दिलों में खास जगह रखती हैं।
इतना ही नहीं, सनी देओल की अपकमिंग फिल्म ‘लाहौर 1947’ भी राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बन रही है, जिसे आमिर खान प्रोड्यूस कर रहे हैं। वहीं रिपोर्ट्स के मुताबिक संतोषी ‘जाट 2’ के लिए भी कमिटेड हैं, जिसके पहले पार्ट ‘जाट’ (2025) में भी सनी देओल नजर आए थे।
अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या ‘घातक 2’ वाकई पर्दे पर आती है और क्या सनी देओल एक बार फिर उसी तेवर में दर्शकों को रोमांचित करते नजर आएंगे। फैंस को फिलहाल मनाली से आने वाली इस मुलाकात पर टिकी बड़ी घोषणा का इंतजार है।










