UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में मानसून अब पूरे जोर पर है। बीते 24 घंटों में पूर्वांचल के कई जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिली। प्रतापगढ़ में सबसे अधिक 85 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। जौनपुर में 69.2 मिमी और अमेठी में 65 मिमी पानी बरसा। इसके अलावा गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, सुल्तानपुर और अंबेडकरनगर जैसे जिलों में भी अच्छी बारिश दर्ज हुई।
बुंदेलखंड और आगरा में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
मंगलवार को मौसम विभाग ने बुंदेलखंड और आगरा क्षेत्र के छह जिलों में भारी बारिश की चेतावनी दी है और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में शामिल हैं: आगरा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर।
वहीं, पश्चिमी यूपी के 29 अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है, जहां भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में येलो अलर्ट:
बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं।
अगले कुछ दिन तराई इलाकों में हल्की फुहारों का दौर
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अब कमजोर हो गया है। इसके कारण मानसून की ट्रफ लाइन उत्तर दिशा में खिसक गई है, जिससे यूपी में व्यापक बारिश के संकेत मिल रहे हैं। पूर्व से पश्चिम तक हल्की से मध्यम बारिश का दौर चलता रहेगा।
लखनऊ में भी मौसम रहेगा खुशनुमा
सोमवार को लखनऊ के हजरतगंज, महानगर, गोमती नगर, पुराने लखनऊ और आलमबाग जैसे इलाकों में हल्की बारिश हुई। आसमान में बादलों की मौजूदगी के चलते दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार और बुधवार को राजधानी में बारिश की संभावना बनी हुई है।
इन दो दिनों में लखनऊ में हल्की बारिश और बूंदाबांदी हो सकती है, जिससे तापमान में करीब दो डिग्री तक की गिरावट के आसार हैं।
तापमान में हल्की गिरावट दर्ज
सोमवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 27.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 2.1 डिग्री ज्यादा था।










