15 अगस्त से पहले लाल किले की सुरक्षा में बड़ी चूक, डमी बम नहीं ढूंढ पाए पुलिसकर्मी, सस्पेंड

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली। स्वतंत्रता दिवस से पहले राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सख्त कर दी गई है। हर साल की तरह इस बार भी 15 अगस्त को प्रधानमंत्री लाल किले पर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और देश को संबोधित करेंगे, लेकिन इस बीच सुरक्षा व्यवस्था में एक बड़ी लापरवाही सामने आई है, जिससे पुलिस की तैयारियों पर सवाल खड़े हो गए हैं।

डमी बम पर नहीं हुई कोई प्रतिक्रिया, सात पुलिसकर्मी सस्पेंड

दरअसल, स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के तहत दिल्ली पुलिस की ओर से सुरक्षा अभ्यास किया जा रहा था। इसी दौरान स्पेशल सेल ने शनिवार को आम लोगों की तरह कपड़े पहनकर सुरक्षा तंत्र की जांच की और एक नकली बम (डमी बम) को लाल किले के भीतर रखा। हैरानी की बात यह रही कि वहां तैनात पुलिसकर्मियों को इसकी भनक तक नहीं लगी। इस गंभीर लापरवाही के चलते सात पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

दिल्ली पुलिस ने दी जानकारी

दिल्ली पुलिस का कहना है कि 79वें स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए यह मॉक ड्रिल की गई थी, ताकि सुरक्षा में किसी भी तरह की खामी का पता लगाया जा सके। लेकिन सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मी बम जैसी चीज़ को पहचानने में नाकाम रहे। अधिकारियों का मानना है कि इस कार्रवाई से बाकी सुरक्षा बलों को भी एक सख्त संदेश मिलेगा।

लाल किला परिसर में पांच बांग्लादेशी नागरिक पकड़े गए


इसी दौरान पुलिस ने लाल किले के पास संदिग्ध रूप से घूम रहे पांच बांग्लादेशी नागरिकों को भी हिरासत में लिया है। ये सभी 20 से 25 साल के बीच के हैं और दिल्ली में मज़दूरी करते हैं। जांच में इनके पास कुछ बांग्लादेशी दस्तावेज भी मिले हैं, हालांकि कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है।

कड़ी सुरक्षा के बीच लापरवाही पर सवाल

हर साल 15 अगस्त को लाल किले पर आयोजित होने वाले राष्ट्रीय समारोह में देश-विदेश से मेहमान शामिल होते हैं। ऐसे में सुरक्षा में इतनी बड़ी चूक निश्चित तौर पर चिंताजनक है। हालांकि, इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां और अधिक सतर्क हो गई हैं।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें