उत्तर प्रदेश में पछुआ हवाओं के चलते ठंड अपने चरम पर पहुंच गई है। सुबह-शाम को घने कोहरे और रात में तेज ठिठुरन के साथ पौष माह की शुरुआत गलन भरे मौसम के बीच हुई है। दिन में धूप निकलने के बावजूद राहत महसूस नहीं हो रही।
कई जिलों में दृश्यता 50 मीटर से नीचे
तराई के कुशीनगर और बहराइच में घने कोहरे के कारण दृश्यता 50 मीटर से भी कम रही। वहीं आजमगढ़ में दृश्यता 300 मीटर दर्ज की गई। इटावा, अयोध्या, कानपुर नगर सहित कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे गिर गया।
मौसम विभाग ने जताई और ठंड बढ़ने की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार से तापमान में और गिरावट दर्ज होगी। लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हैं, जिसके चलते प्रदेश के कई हिस्सों में छिटपुट बादल बने रहेंगे। लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि विक्षोभ के असर से आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, लेकिन इनके गुजरते ही मौसम साफ होगा। इस दौरान तराई क्षेत्रों में सुबह हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बनी रहेगी।
अयोध्या प्रदेश का सबसे ठंडा शहर
अयोध्या में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। बरेली में 7.4 डिग्री और इटावा में 8.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
ठंड में लगातार बढ़ोतरी के साथ मौसम विभाग ने लोगों से सुबह-शाम बाहर निकलने में सावधानी बरतने की अपील की है।










