बलिया। उत्तर प्रदेश सरकार में पंचायती राज मंत्री और सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर को सोशल मीडिया पर गोली मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। इस घटना को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए करणी सेना के बलिया जिलाध्यक्ष पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत की अगुवाई सुभासपा के विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष अंशु राजभर ने की। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ बलिया के रसड़ा कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की।
सोशल मीडिया पर धमकी, बेटे ने उठाई आवाज
मंत्री ओम प्रकाश राजभर के बेटे और पार्टी प्रवक्ता अरुण राजभर ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट में जानकारी दी कि उनके पिता को सोशल मीडिया के माध्यम से जान से मारने की धमकी दी गई है।
उनका आरोप है कि धमकी ‘करणी सेना बलिया’ नामक एक फेसबुक आईडी से दी गई, जिसमें मंत्री को गोली मारने की बात कही गई है। अरुण राजभर ने प्रशासन से तुरंत ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
करणी सेना की सफाई
इस पूरे मामले में करणी सेना बलिया के जिलाध्यक्ष कमलेश सिंह ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि धमकी फर्जी आईडी से दी गई है, जिसका उनसे कोई लेना-देना नहीं है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री के बेटे बेबुनियाद आरोप लगाकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। कमलेश सिंह ने कहा कि वह इस मामले में मानहानि का मुकदमा दर्ज कराएंगे, क्योंकि उन्हें बदनाम कर Z+ सुरक्षा लेने की कोशिश की जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
बलिया के पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि मंत्री को धमकी मिलने की शिकायत मिल चुकी है। मामला साइबर सेल को जांच के लिए सौंपा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










