बोइंग विमानों के फ्यूल कंट्रोल स्विच करें चेक….Ahmedabad Plane Crash से पहले ब्रिटेन ने दी थी चेतावनी 

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

Ahmedabad Plane Crash : ब्रिटेन की सिविल एविएशन अथॉरिटी (CAA) ने हाल ही में खुलासा किया है कि अहमदाबाद विमान हादसे (Ahmedabad Plane Crash) से करीब एक महीने पहले ही बोइंग विमानों के फ्यूल कंट्रोल सिस्टम को लेकर चेतावनी दी गई थी। 15 मई को CAA ने एयरलाइनों को निर्देश दिए थे कि वे अमेरिकी एविएशन एजेंसी FAA के सुझावों का पालन करें। FAA ने बोइंग के कई मॉडल जैसे 737, 757, 767, 777 और 787 में फ्यूल शटऑफ वॉल्व एक्ट्यूएटर्स को लेकर संभावित खतरे की बात कही थी।

CAA ने ब्रिटेन आने वाली सभी फ्लाइट्स को आदेश दिया था कि वे इन फ्यूल वॉल्व्स की अच्छी तरह से जांच करें, ज़रूरत हो तो उन्हें बदला या मरम्मत किया जाए और रोजाना निरीक्षण अनिवार्य किया जाए।

अब सामने आई शुरुआती जांच रिपोर्ट के अनुसार, अहमदाबाद हादसा विमान के फ्यूल कंट्रोल स्विच बंद हो जाने के कारण हुआ।
12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही फ्लाइट AI-171 टेकऑफ के तुरंत बाद मेडिकल हॉस्टल की बिल्डिंग से टकरा गई थी, जिसमें 270 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी।

क्या होता है फ्यूल शटऑफ वॉल्व?

यह एक बेहद जरूरी सुरक्षा उपकरण होता है, जो इंजन में फ्यूल की सप्लाई को जरूरत पड़ने पर रोकता है। इसका इस्तेमाल इंजन में आग लगने, आपातकालीन लैंडिंग या मेंटेनेंस के समय किया जाता है।

DGCA का ऐक्शन: भारत में सभी बोइंग विमानों की जांच अनिवार्य

भारत के नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने सभी एयरलाइनों को निर्देश दिया है कि वे 21 जुलाई तक अपने बेड़े में शामिल सभी बोइंग विमानों के फ्यूल कंट्रोल स्विच की जांच पूरी करें। साथ ही, जांच की रिपोर्ट भी DGCA को सौंपनी होगी। यह कदम विमान दुर्घटना की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद लिया गया है, जिसे AAIB ने 12 जुलाई को जारी किया।

AAIB की रिपोर्ट बताती है कि टेकऑफ के तुरंत बाद फ्यूल कंट्रोल स्विच “रन” से “कटऑफ” पर चले गए थे, जिससे इंजन को ईंधन मिलना बंद हो गया। जब तक पायलटों ने स्विच दोबारा ऑन किया, तब तक काफी देर हो चुकी थी।

FAA और बोइंग ने दी थी सफाई

इस हादसे की शुरुआती रिपोर्ट आने के बाद FAA और बोइंग ने बयान दिया कि फ्यूल कंट्रोल स्विच का डिजाइन और लॉकिंग मैकेनिज्म सभी बोइंग विमानों में एक जैसा है, और इसे खतरनाक नहीं माना जा सकता। इसलिए उन्होंने किसी मॉडल के लिए एयरवर्दीनेस डायरेक्टिव जारी नहीं किया।

हालांकि, रिपोर्ट के अनुसार कॉकपिट की रिकॉर्डिंग से पता चला कि दोनों पायलटों के बीच फ्यूल स्विच को लेकर भ्रम की स्थिति थी एक ने दूसरे से पूछा, “क्या तुमने स्विच बंद किया?” जवाब था, “नहीं।” उड़ान से पहले एक सेंसर में दिक्कत भी पाई गई थी, जिसे ठीक किया गया था।

कुछ विदेशी एयरलाइनों ने पहले ही शुरू कर दी जांच

एतिहाद समेत कुछ अंतरराष्ट्रीय एयरलाइनों ने पहले ही अपने बोइंग ड्रीमलाइनर विमानों की जांच शुरू कर दी है। भारत में अब यह प्रक्रिया DGCA के आदेश के बाद तेज़ी से पूरी की जा रही है।

News Rastra
Author: News Rastra

Leave a Comment

और पढ़ें