वाराणसी-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें आंध्रप्रदेश के 11 पर्यटक घायल हो गए। सभी श्रद्धालु एक ट्रेवलर से अयोध्या दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी सीहीपुर (लाइन बाजार थाना क्षेत्र) के पास उनकी गाड़ी एक ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक गंभीर रूप से घायल यात्री को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। सभी श्रद्धालु आंध्रप्रदेश के श्रीकालुकम जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल लिया और डॉक्टरों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि शुरुआती जांच में ट्रक चालक की लापरवाही सामने आई है। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।










