अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बड़ा दावा करते हुए कहा है कि अमेरिकी सेना ने कैरिबियन सागर में ड्रग्स से भरे एक जहाज पर कार्रवाई कर उसे समुद्र में डुबो दिया। इस ऑपरेशन में दो आतंकियों को ढेर किया गया, जबकि दो अन्य को जिंदा पकड़कर उनके देशों इक्वाडोर और कोलंबिया वापस भेज दिया गया। इस घटना के बाद ट्रंप ने कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो पर ड्रग्स व्यापार को बढ़ावा देने का गंभीर आरोप लगाया है।
कोलंबिया में ड्रग्स कारोबार का गढ़ बना देश: ट्रंप
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म “सोशल ट्रूथ” पर पोस्ट करते हुए कहा, “कोलंबिया के राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो अवैध नशीले पदार्थों के सबसे बड़े प्रमोटर बन गए हैं। वह देशभर में बड़े और छोटे खेतों पर ड्रग्स की खेती को खुलकर प्रोत्साहित कर रहे हैं। अब यह कोलंबिया का सबसे बड़ा और मुनाफे वाला कारोबार बन चुका है।”
अमेरिका में फैल रही है मौत और तबाही
ट्रंप ने आगे कहा कि पेट्रो अमेरिकी मदद और सब्सिडी पाने के बावजूद इस अवैध व्यापार को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठा रहे हैं। उन्होंने कहा, “अब अमेरिका की तरफ से कोलंबिया को कोई सब्सिडी नहीं दी जाएगी। वहां तैयार की जा रही ये नशीली दवाएं अमेरिका में बेची जा रही हैं, जिससे हमारे देश में मौत और बर्बादी फैल रही है।”
“मौत का खेल बंद करो पेट्रो- ट्रंप की सख्त चेतावनी
ट्रंप ने कोलंबिया के राष्ट्रपति को चेतावनी देते हुए कहा, “गुस्तावो पेट्रो एक कमजोर और अलोकप्रिय नेता हैं। अगर उन्होंने मौत का यह खेल नहीं रोका तो अमेरिका उनके लिए अपने दरवाजे हमेशा के लिए बंद कर देगा।”
ड्रग्स वाली पनडुब्बी पर कार्रवाई को बताया गर्व का पल
ट्रंप ने पहले भी कहा था कि ड्रग्स से लदी पनडुब्बी को नष्ट करना अमेरिकी सेना के लिए गर्व की बात थी। उन्होंने बताया कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने पुष्टि की थी कि उस जहाज पर फेंटानिल और अन्य घातक नशीले पदार्थ बड़ी मात्रा में लदे हुए थे।










