UP Weather : उत्तर प्रदेश में इन दिनों ज्यादातर जगहों पर मौसम शुष्क बना हुआ है। सुबह से ही धूप खिली रहती है और उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। हालांकि, कुछ जिलों में हल्की-फुल्की बारिश का दौर जारी है।
मौसम विभाग का कहना है कि आज यानी 29 सितंबर को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, IMD ने किसी भी जिले के लिए भारी बारिश या अलर्ट जारी नहीं किया है।
अक्टूबर में भी मिल सकती है बारिश
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले 5 दिन तक यही स्थिति बनी रहेगी। 30 सितंबर को भी तेज बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन कहीं-कहीं छींटे पड़ सकते हैं।
दशहरे तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
-
1 और 2 अक्टूबर को पूर्वी यूपी में बारिश का असर बढ़ेगा।
-
पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में भी हल्की बरसात और गरज-चमक की संभावना रहेगी।
-
4 अक्टूबर तक बरसात और शुष्क मौसम का सिलसिला साथ-साथ चलता रहेगा।
आज किन जिलों में बरसेंगी बौछारें?
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, आज मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा और चित्रकूट में एक-दो जगह हल्की बारिश हो सकती है।
तापमान और उमस की स्थिति
बरसात की हल्की बौछारों के बावजूद अभी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलेगी। अगले पांच दिन तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।
-
पिछले 24 घंटे में मेरठ सबसे गर्म रहा, जहां पारा 37.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा।
-
वहीं बरेली, मुजफ्फरनगर, बस्ती और गोरखपुर में तापमान 35-37 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज हुआ।










