वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2 अगस्त को प्रस्तावित दौरे से पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को विकासखंड सेवापुरी के ग्रामसभा बनौली में जनसभा स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान सीएम योगी ने तैयारियों की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर आने वाले किसी भी व्यक्ति को असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की सभी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं। कार्यक्रम स्थल और उसके आसपास सुरक्षा के मुकम्मल इंतजाम सुनिश्चित कराएं।” उन्होंने अधिकारियों को पेयजल, शौचालय, वेंटिलेशन और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
सीएम योगी ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष निर्देश दिए और कहा कि कार्यक्रम में भाग लेने वाले वाहनों के लिए उचित स्थानों पर समुचित पार्किंग व्यवस्था की जाए। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक प्लान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पुलिस अधिकारियों को भी निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने मुख्यमंत्री को मानचित्र के माध्यम से कार्यक्रम स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी दी।
इस मौके पर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, आयुष एवं खाद्य सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्रा ‘दयालु’, एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, विधायक डॉ. अवधेश सिंह, विधायक सुशील सिंह, पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री की प्रस्तावित जनसभा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने का दावा किया जा रहा है।










