वैशाली में अधिकार यात्रा के समापन पर तेजस्वी यादव का NDA पर हमला, कहा– 20 सालों में जनता को क्या दिया…

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने शनिवार, 20 तारीख को वैशाली जिले में अपनी अधिकार यात्रा का समापन किया। इस मौके पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की भीड़ उमड़ी। तेजस्वी यादव ने एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मौजूदा सरकार पर करारे प्रहार किए और वादा किया कि इस बार महागठबंधन की सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी उतरेगी।

“20 साल में NDA ने जनता को क्या दिया?”

तेजस्वी यादव ने मंच से सवाल उठाया कि पिछले दो दशकों में NDA ने बिहार की जनता के लिए आखिर क्या किया? उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य को सिर्फ लूटा गया और आज भी लूट का सिलसिला जारी है। प्रशासन का इस्तेमाल विपक्ष को दबाने के लिए किया जा रहा है और भ्रष्ट अधिकारियों के घरों से पैसा बरामद हो रहा है।

तेजस्वी ने कहा, “जब हमारी सरकार बनेगी तो कोई भी अपराधी या भ्रष्टाचारी बख्शा नहीं जाएगा। पिछली बार सिर्फ वोट ही नहीं, हमारी सीटें भी चुराई गईं थीं। वरना हमारी सरकार पहले ही बन जाती। लेकिन इस बार जनता की ताकत से कोई बेईमानी नहीं होगी और महागठबंधन की सरकार बनेगी।”

जनता से मिले अप्रत्याशित समर्थन का जिक्र

उन्होंने कहा कि अधिकार यात्रा में जितनी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए, उसकी उम्मीद उन्हें भी नहीं थी। लोग धूप-बारिश की परवाह किए बिना पूरे जोश के साथ जुड़े, क्योंकि उन्हें पता है कि मौजूदा सरकार उनके लिए कुछ नहीं कर रही। उन्होंने दावा किया कि अब जनता बदलाव चाहती है और लोग महागठबंधन से उम्मीद लगाए बैठे हैं।

“बिहार के युवाओं को रोजगार और पलायन से मुक्ति चाहिए”

तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार के लोग कलम, कारखाने और काम का हक चाहते हैं। राज्य में निवेश हो, उद्योग लगें, रोजगार पैदा हों और पलायन की समस्या खत्म हो। लेकिन मौजूदा सरकार ने जनता को सिर्फ निराश किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आज बिहार में हालात इतने खराब हैं कि लोगों को घर में घुसकर गोली मारी जा रही है, जबकि भ्रष्टाचारियों पर कार्रवाई करने की बजाय सरकार उन्हें बचा रही है।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें