Varanasi : DM ने ट्रांस वरुणा क्षेत्र में पेयजल, सीवर और सोलर परियोजनाओं का किया निरीक्षण, दिए ये निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वाराणसी: जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने मंगलवार को नगर निगम वाराणसी के विस्तारीकरण क्षेत्रों में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पेयजल आपूर्ति, सीवर कनेक्शन और सोलर पावर प्लांट से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

20 हजार से अधिक घरों को मिलेगा शुद्ध पेयजल

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि ट्रांस वरुणा दीनापुर जोन (फेज-1, पार्ट-ए) पेयजल योजना ₹171.54 करोड़ की लागत से अमृत 2.0 कार्यक्रम के अंतर्गत स्वीकृत है। परियोजना की अब तक 10% प्रगति दर्ज की गई है और इसे सितम्बर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

योजना के अंतर्गत 10 शिरोपरि जलाशयों में से 6 पर कार्य चल रहा है, जबकि 21 नलकूपों में से 14 का निर्माण पूरा हो चुका है। 414 किमी प्रस्तावित वितरण प्रणाली में से 19 किमी लाइन बिछाई जा चुकी है। योजना पूर्ण होने के बाद दीनापुर, सलारपुर, लेकुपुर, सारनाथ और रमदतपुर वार्ड सहित लगभग 20,176 घरों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध होगा।

सीवर परियोजना से 3981 घर जुड़ेंगे

जिलाधिकारी ने सूजाबाद क्षेत्र में सीवर हाउस कनेक्शन कार्य का भी निरीक्षण किया। यह योजना ₹96.17 करोड़ की लागत से अमृत 2.0 कार्यक्रम के तहत स्वीकृत है और अब तक 38% कार्य पूर्ण हो चुका है। मई 2026 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य है।
परियोजना के तहत 09 एमएलडी एमपीएस, 07 एमएलडी एसटीपी, 26.89 किमी सीवर नेटवर्क और 3981 घरों को सीवर कनेक्शन से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। अभी तक एमपीएस का 55%, एसटीपी का 25% और 16 किमी सीवर नेटवर्क तैयार हो चुका है। योजना पूर्ण होने के बाद सायर माता व घटवारी माता नालों का पानी ट्रीटमेंट प्लांट से शोधित किया जाएगा, जिससे शहर में प्रदूषण नियंत्रण में मदद मिलेगी।

सोलर पावर प्लांट का भी निरीक्षण

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने नगर निगम वाराणसी की जेएनएनयूआरएम योजना के तहत निर्मित 120 एमएलडी एसटीपी गोईठां और टीईपीएस का निरीक्षण भी किया। साथ ही अमृत 2.0 कार्यक्रम के अंतर्गत निर्माणाधीन 1.0 मेगावाट सोलर पावर प्लांट, भेलूपुर का भी जायजा लिया।
उन्होंने निर्देश दिए कि सोलर पावर प्लांट और संबंधित कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाते हुए आगामी नवम्बर 2025 तक हर हाल में पूरा कराया जाए।

जिलाधिकारी का निर्देश

जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सभी परियोजनाओं की प्रगति को गति दी जाए और कार्यों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किया जाए। निरीक्षण के दौरान नगर निगम तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Ankita Yadav
Author: Ankita Yadav

Leave a Comment

और पढ़ें