वाराणसी। जिले के चिरईगांव ब्लॉक के चांदपुर गांव में सोमवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। बताया गया कि पारिवारिक विवाद से परेशान होकर 30 वर्षीय दुर्गा सोनकर ने अपने दो छोटे बेटों के साथ रिंग रोड स्थित भवनपुरा पुल से गंगा नदी में छलांग लगा दी।
घटना दोपहर करीब 12 बजे की है। वहां मौजूद कुछ लोगों ने तुरंत पुलिस और परिजनों को सूचना दी। लेकिन, घटना के दो घंटे बाद तक एनडीआरएफ की टीम मौके पर नहीं पहुंच पाई थी। इसी बीच दोपहर 1:50 बजे दुर्गा सोनकर को मुस्तफाबाद रेता के पास गंगा में बहते हुए देखा गया। ग्रामीणों की सतर्कता से उसे बाहर निकाला गया और तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
दुर्गा सोनकर के दोनों बेटे— संदीप (7) और आशीष (5) — अब भी लापता हैं। उनकी तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों के साथ प्रशासनिक टीमें भी जुटी हुई हैं, लेकिन अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।
घटना की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर पहुंचे पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने जिला प्रशासन से गंगा नदी के किनारे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं को रोका जा सके।










