वाराणसी। नगर निगम वाराणसी को अब अपना नया और आधुनिक कार्यालय भवन मिलने जा रहा है। लंबे समय से प्रतीक्षित यह योजना अब मूर्त रूप लेती दिख रही है, क्योंकि उत्तर प्रदेश सरकार ने इस परियोजना को स्वीकृति दे दी है और प्रथम किश्त भी जारी कर दी गई है।
नई इमारत के निर्माण पर कुल ₹96.99 करोड़ खर्च किए जाएंगे। इस राशि में से 25% फंड नगर निगम अपने संसाधनों से जुटाएगा, जबकि राज्य सरकार ने 35% हिस्से यानी ₹25.46 करोड़ की पहली किश्त जारी कर दी है। परियोजना का क्रियान्वयन कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (C&DS), यूपी जल निगम (नगरीय) लखनऊ द्वारा किया जाएगा। निर्माण कार्य ईपीसी मोड पर किया जाएगा और यह पूरी प्रक्रिया नियोजन विभाग द्वारा निर्धारित मॉडल आरएफपी व एसओपी के अनुसार पूरी की जाएगी।
क्या होगा नए सदन भवन में खास?
यह नया भवन नगर निगम के उत्तर छोर पर 70,000 वर्ग फीट क्षेत्रफल में बनेगा और अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। इसमें शामिल होंगी:
-
300 पार्षदों की क्षमता वाला सदन हॉल
-
महापौर कार्यालय व कक्ष
-
सभी विभागों के लिए अलग विभागीय कक्ष
-
प्रशासनिक खंड
-
डाटा सर्वर सेंटर व पीआर सेंटर
-
पावर बैकअप, डीजी सेट, CCTV व स्पीकर सिस्टम
-
लिफ्ट, दिव्यांगजनों हेतु विशेष सुविधाएं
-
भूमिगत पार्किंग
-
रेनवॉटर हार्वेस्टिंग व फायर फाइटिंग सिस्टम
नगर निगम के पुराने भवन में जगह की कमी के चलते अब तक टाउनहॉल के सभागार में ही सदन की कार्यवाही की जाती रही है। लेकिन अब एक समर्पित भवन उपलब्ध होने से कामकाज में न सिर्फ़ पारदर्शिता और सुगमता आएगी, बल्कि सुविधाएं भी बढ़ेंगी।
महापौर व नगर आयुक्त ने जताई खुशी
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने इस परियोजना को स्वीकृति मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि नगर निगम के लिए यह एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि निर्माण कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराया जाएगा।
नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने जानकारी दी कि निर्माण की गुणवत्ता उच्चतम मानकों के अनुरूप होगी और कोशिश होगी कि जल्द से जल्द नगर निगम को नया भवन सौंपा जा सके।










