Varanasi: नगर निगम वाराणसी के भवन स्वामियों के लिए राहत भरी खबर है। महापौर अशोक कुमार तिवारी ने जनहित में एक बड़ा फैसला लेते हुए ऑनलाइन माध्यम से गृहकर, जलकर और सीवरकर जमा करने पर दी जा रही छूट की अवधि को बढ़ाकर 4 अगस्त 2025 तक कर दिया है।
पूर्व में यह छूट 31 जुलाई 2025 तक सीमित थी, लेकिन तकनीकी कारणों से नगर निगम की वेबसाइट कुछ समय के लिए बंद हो गई थी, जिससे करदाताओं को भुगतान करने में परेशानी हुई। इसे ध्यान में रखते हुए कई पार्षदों और नागरिकों ने महापौर से समय सीमा बढ़ाने का अनुरोध किया था।
महापौर ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए निर्णय लिया कि ऑनलाइन भुगतान करने वाले भवन स्वामियों को 4 अगस्त तक छूट का लाभ दिया जाएगा। हालांकि, यह छूट केवल ऑनलाइन जमा किए गए टैक्स पर ही लागू होगी—काउंटर पर जाकर भुगतान करने वालों को इसका लाभ नहीं मिलेगा।
महापौर ने शहरवासियों से अपील की है कि डिजिटल इंडिया अभियान को बढ़ावा देते हुए वे अपने गृहकर, जलकर और सीवरकर ऑनलाइन माध्यम से समय से पहले जमा करें और छूट का लाभ उठाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि 4 अगस्त के बाद छूट की अवधि में और कोई वृद्धि नहीं की जाएगी।










