Varanasi : चौबेपुर इलाके में गुरुवार की रात एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। घर के बाहर सो रहे 32 वर्षीय युवक की अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
खून से लथपथ मिला शव
जानकारी के मुताबिक, चौबेपुर थाना क्षेत्र के सिंघवार गांव निवासी अनिल भारती (32) पुत्र छोटेलाल भारती रोज की तरह रात का भोजन करने के बाद घर के बाहर पेड़ के नीचे सो रहा था। आधी रात बाद अचानक कुछ हमलावर पहुंचे और उसके गले पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। चीख सुनकर परिजन बाहर आए तो अनिल खून से लथपथ पड़ा था।
परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल अनिल को पं. दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल ले जाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
4 महीने पहले हुई थी शादी
अनिल दो भाइयों में छोटा था। परिवार के मुताबिक, उसकी शादी करीब चार महीने पहले ही हुई थी और घटना के समय उसकी पत्नी मायके में थी। इस वारदात ने परिवार और गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।
मौके पर पुलिस अधिकारियों की तैनाती
घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी प्रमोद कुमार, एसीपी सारनाथ विजय प्रताप सिंह और चौबेपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार वर्मा भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे और जांच शुरू की। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए शिवपुर भेज दिया है और गांव में अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है।










